जैसे-जैसे शपथग्रहण के समय में देरी हो रही थी, राष्ट्रपति भवन से अनेक तरह की खबरें बाहर आ रही थी. वहीं लोगों को यह भी लग रहा था कि कुछ न कुछ ज्योतिषीय शुभ मुहूर्त के कारण देरी हो रही है.
नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने संसद को फिर से बहाल करने का आदेश देते हुए मंगलवार की शाम पांच बजे तक शपथ ग्रहण का समय निर्धारित किया था लेकिन प्रधानमंत्री देउबा ने पहले कहा कि वो छह बजे शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी भी हो गई थीं. सभी मेहमान भी पहुंच गए थे. शपथ ग्रहण के लिए खुद देउबा के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के मंत्री और अन्य वीवीआईपी राष्ट्रपति भवन में ही मौजूद थे लेकिन फिर भी शपथ ग्रहण में देरी हो रही थी.
कुंडली में था काल योग..
नेपाल के नवनियुक्त प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा पूजा पाठ, ज्योतिष, तंत्र-मंत्र में बहुत ही विश्वास करते हैं. एक ज्योतिष ने देउबा की कुंडली में सात बार प्रधानमंत्री बनने का योग होने की बात कही थी. इस बार पांचवीं दफे वो पीएम का पद संभाल रहे हैं. अपने ज्योतिष की सलाह पर शुभ मुहूर्त में ही वो कोई भी बड़ा काम या बड़ा निर्णय करते हैं. शपथ ग्रहण कहने के लिए तो सुप्रीम कोर्ट ने तय किया था लेकिन कोर्ट की तरफ से जो समय निर्धारित किया गया था वो शाम पांच बजे का ही था लेकिन कुंडली में शाम 5 बजे से रात 8.20 तक काल योग होने के कारण देउबा का शपथग्रहण 8.25 के बाद हुआ.







