स्वराज मिशन ब्रेकिंग / अहमदाबाद, गुजरात –
12-06-2025:
अहमदाबाद में हवाई जहाज दुर्घटना :
गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हुआ है। जानकारी के अनुसार इस विमान में 242 यात्री यात्रा कर रहे थे। गुजरात के अहमदाबाद से लंदन को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे का शिकार हुई है। इस विमान में 230 यात्री और 12 कैबिन – क्रू सवार थे। इस विमान में सवार यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश यात्री सवार थे। इसके अलावा 1 यात्री कनाडा से और 7 पुर्तगाल से थे। सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणीं और उनके परिवार भी सवार था। हालांकि उनकी मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है इसलिए स्वराज मिशन भी इस बात की पुष्टि नहीं करता।
जानकारी के लिए :
DGCA ने जानकारी दी है कि एअर इंडिया B787 ड्रीमलाइनर एयरक्रॉफ्ट ने दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी और वह टेक ऑफ के पांच मिनट बाद ही क्रैश हो गई। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।
ताजा़ स्थिति :
इस विमान हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह से बात की। अमित शाह हादसे की खबर मिलते ही गुजरात के लिए रवाना हो गए हैं। बताया गया है कि विमान क्रैश होते ही आग के गोले में बदल गया। अग्निशमन अधिकारी जयेश के अनुसार घटना स्थल पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। विमान हादसे के बाद अहमदाबाद का सरकार वल्लभ भाई पटेल एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है। फिलहाल सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं।
Plane Crash Helpline Number: संपर्क के लिए जारी किए गए नंबर :
विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ऑपरेशनल कंट्रोल रूप एक्टिवेट कर दिया है। यहां संपर्क करने के लिए 011-24610843 , 9650391859 नंबर जारी किए गए हैं।
इसके अलावा एअर इंडिया(Air India) ने कहा – हमने अधिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर 18005691444 स्थापित किया है।
Ahmedabad Plane Crash पर क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी :
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं, जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।



