नई दिल्ली: देश में अब कोरोना के मामले कम होने लगे है वहीँ तीसरी लहर से निपटने के लिए देश में टीकाकरण का कार्य जोरों पर चल रहा है…वहीँ देश में तेजी से चल रहे कोरोना टीकाकरण के बीच एक राहत देने वाली स्टडी सामने आई है.
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के अध्ययन में सामने आया है कि वैक्सीन की एक डोज मौत के खतरे को 82 फीसद तक कम कर देती है. वहीं, यदि दोनों डोज लगी है तो मौत का खतरा 95 फीसद तक कम हो जाता है.
पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण की वजह से होने वाली मौतों का अनुमान
जानकारी के अनुसार ये अध्ययन तमिलनाडु पुलिस डिपार्टमेंट के 1,17,524 जवानों पर की गई थी. इस स्टडी के माध्यम से वैक्सीन ले चुके और वैक्सीन नहीं लेने वाले पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण की वजह से होने वाली मौतों का अनुमान लगाना था. ये स्टडी 1 फरवरी 2021 से 14 मई 2021 के मध्य की गई थी.
स्टडी में 32,792 पुलिसकर्मी ऐसे थे, जिन्होंने वैक्सीन की एक ही खुराक ली थी. स्टडी में शामिल 67,673 पुलिसकर्मी दोनों खुराक ले चुके थे. साथ ही 17,059 ऐसे भी थे जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली थी.
स्टडी के अनुसार
स्टडी के अनुसार, 13 अप्रैल 2021 से 14 मई 2021 के बीच 31 पुलिसकर्मियों की कोरोना के कारण मौत हो गई. इनमें से 4 ऐसे थे जो दोनों खुराक ले चुके थे, जबकि 7 को एक ही डोज लगी थी. वहीं, जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली थी, उनमें से 20 की जान चली गई थी.
स्टडी में सामने आया कि वैक्सीन कोरोना से होने वाली मौतों को रोकने में कारगर है. जिन पुलिसकर्मियों को एक खुराक लग चुकी थी, उनमें मौत का खतरा 82 फीसद तक कम था, वहीं दोनों डोज लेने वाले पुलिसकर्मियों में मौत का खतरा 95 फीसद तक कम था.

