लगातार बढ़ रहे पेट्रोल डीजल के दाम और खाद्यान्न के बढ़ते दामों को लेकर पूरे देश में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर लोगों के मन में रोष व्याप्त है लगातार पेट्रोल डीजल और तेल के बढ़ते दामों ने आम लोगों की मुसीबतों को और बढ़ा दिया है रोजमर्रा की जिंदगी में सबसे ज्यादा उपयोग में आने वाले मूलभूत चीजों के मूल्य में वृद्धि ने लोगों की कमर तोड़ दी है वहीं केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल के द्वारा केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ आज से कुशासन मुक्ति आंदोलन का प्रारंभ किया गया है। यह आंदोलन लगातार तब तक जारी रहेगा जब तक मोदी सरकार सत्ता से नहीं हट जाती। प्रदेश भर में सभी जिलास्तर पर जिलाध्यक्षों की अगुवाई में इस आंदोलन की शुरूआत कि गई। राजधानी में प्रदेश अध्यक्ष श्री अरूण तामकार की अगुवाई में गांधी चौक , रायपुर में केन्द्र की सरकार के खिलाफ गैस सिलेण्डर एवं मोटरसाइकल को रखकर पेटोल डीजल व रसोई गैस के दामों में हुई वृद्धि के विरोध में जोरदार नारेबाजी कर आम जनता से चर्चा कर हस्ताक्षर अभियान चलाकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम राज्यपाल को ज्ञापन सौंप गया ।
प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विगत 07 वर्षो से केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत एवं जनविरोधी नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित होकर अस्त व्यस्त हो गई है । कोरोना काल में केन्द्र सरकार के कुप्रबंधन के कारण हम लोगों ने न केवल अपने प्रियजनों को खोया बल्कि हमारे स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया गया । जब कोरोना का कहर चरम सीमा में चल रहा था तब हमारे देश के शासक बंगाल , असम एवं अन्य राज्यों में सत्ता के लिए चुनावी रैलियों में मदमस्त थे ।
लोकतंत्र में जनता जर्नादन का अपना एक महत्वपूर्ण स्थान है । भारत पूरे विश्व में कोविड वैक्सिन का उत्पादन करने वाला देश होने के बावजूद भी यहाँ पर वैक्सिनेशन का कार्य नीचले स्तर तक नहीं पहुंच सका है । वैक्सिीन की उपलब्धता सरकार के द्वारा नहीं किया जा रहा है। कोरोना जैसी महामारी से बचाव में भारत सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है । पूरे भारत में तीव्र गति से बढ़ती मंहगाई के कारण गरीब एवं मध्यमवर्गीय लोगों को अपना परिवार चलाने मे मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है उस पर केन्द्र सरकार के द्वारा पेट्रोल व डीजल , रसोई गैस की कीमतो में हो रही वृद्धि पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है ।
पेट्रोल डीजल पर तो केन्द्र सरकार पूरी तरह से तानाशाही शासन करते हुए कच्चे तेल की कीमते कम होने पर भी सेस को लगातार बढ़ाकर उसके दामों में वृद्धि किये जा रहे है । साथ ही रसोई गैस के दामों मे भी वृद्धि लगातार किया जा रहा है जिससे आम लोगो की रसोई से लेकर खादय पदार्थो के दामों में भी बेतहासा वृद्धि हो रही है। चूंकि पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से इन खाद्य पदार्थो के परिवहन लागत बढ़ने से मंहगाई विकराल रूप धारण कर रही है ।
शिक्षा , स्वास्थ्य व रोजगार की स्थिति आज दयनीय हो चुकी है । महिलाओं , वंचित एवं शोषितों पर अत्याचार दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है । संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है । देश में केन्द्र की मोदी सरकार के द्वारा लिये गये कुछ अवांछनीय फैसलों जैसे नोटबंदी , जी.एस.टी. , कानून आदि के कारण बेरोजगारी दर बढ़ रही है । भारत जैसे समृद्ध देश में आज बेरोजगार युवक युवतियों की संख्या बहुत अधिक हो गई है जिसके कारण से नौजवान साथियो की उज्जवल भविश्य अंधकार में चली जा रही है । भारत भाग्य के निर्माता हमारे अन्नदाता किसानों के उपर थोपे गये किसान विरोधी तीन काले कानून का किसानों संगठनों के द्वारा विगत कई महिनों से आंदोलन किया जा रहा है परंतु केन्द्र सरकार के द्वारा उनका उचित समाधान अभी तक नहीं किया जा सका है । उक्त तीन कृषि कानूनों से भविष्य में देश में किसानो की स्थिति दयनीय अवस्था में देखने को मिलेगी । केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ आम लोगों में भारी आकोश है ।
आज के इस आंदोलन में प्रदेश महासचिव संगठन श्री मनोज वर्मा , प्रभारी महासचिव श्री राजेश गुप्ता , जे . आर . साहू के साथ रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मनहरण लाल वर्मा , रोशन सिंग ठाकुर , श्रीमती संगीता तिवारी , श्रीमती तेजस्विनी वर्मा , कु . सिमरन तिवारी , निहाल खान , मनोज सोनकर , विक्रम सिंहदेव गौतम , एल . बालारेडडी , बलबीर सिंग , कमलनाथ गायकवाड़ , नंद कुमार साहू , नियाज अहमद , तहजूल अहमद , पुष्पराज बैद , मोइन अली आदि बहुत से कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल हुये ।
अखिल भारतीय कांग्रेंस कमेटी द्वारा देश में चलाये जा रहे आउटरिच अभियान के समयबद्ध क्रियान्वयन करते हुये प्रदेश कांग्रेस कमेटी महंगाई एवं आसमान छुती पेट्रोल-डीजल के कीमतों के विरोध में केन्द्र सरकार के खिलाफ राज्य स्तर एवं जिला, ब्लाक स्तर पर आंदोलन करेगी। मंहगाई के विरोध में 6 जुलाई को ब्लाक स्तरीय आंदोलन हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा इस दौरान थाली एवं अन्य बर्तनो को पीट-पीटकर विरोध दर्ज करते हुये पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में अत्यधिक वृद्वि और केन्द्रीय उत्पाद शुल्क को कम किये जाने की मांग कि जायेगी। इस दौरान मंहगाई के विरोध में पाम्पलेट, पोस्टर एवं प्ले-कार्ड के साथ स्थानीय स्तर के समस्त पेट्रोल पम्पों मे आमजनता से हस्ताक्षर कराया जायेगा। 14 जुलाई को जिलास्तरीय सायकल यात्रा निकाली जायेगी। 17 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों के नेतृत्व में राजधानी रायपुर में पैदल मार्च निकालकर महंगाई व ईधनों की कीमतों में की गयी वृद्धि का विरोध किया जायेगा एवं प्रधानमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन दिया जायेगा।

