बॉलीवुड की स्वर कोकिला लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन, शोक में डूबा बॉलीवुड
दिनांक – 06 फरवरी 2022 :
भारतीय सिनेमा जगत की मशहूर गायिका लता मंगेशकर अब इस दुनिया में नहीं रहीं। लता मंगेशकर की आवाज़ ने छह दशकों से भी ज़्यादा संगीत की दुनिया को सुरों से नवाज़ा है। बीते 29 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar Died) ने अब इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 92 वर्षीय लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 8 जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया था।
लंबे समय से ज़िंदगी और मौत से जंग लड़ते लड़ते लता मंगेशकर ने हमेशा के लिए अपनी आंखें बंद कर ली है। उनका जाना इंडियन सिनेमा का सबसे बड़ा नुकसान है। लता मंगेशकर की सेहत को लेकर हर दिन नए नए अपडेट भी सामने आ रहे थे। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है मगर बीती रात उनकी सेहत अचानक से बिगड़ गई और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था।
इस खबर से बॉलीवुड के साथ ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर बहुत से सेलिब्रिटीज और आम लोगों ने देश के भारत रत्न लता मंगेशकर को आखिरी विदाई और श्रध्दांजलि अर्पित की।
भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर भारत सरकार द्वारा दो दिवस (दिनांक 06 फरवरी 2022 से दिनांक 07 फरवरी 2022 तक) का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
राजकीय शोक की अवधि में राज्य स्थित समस्त शासकीय भवनों और जिस जगह पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं, वहाँ पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे तथा शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन/सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। राजकीय शोक के कारण राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आज शाम किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे।


