मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में अब अनन्या पांडे की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। मामले में गिरफ्तार, शाहरुख खान के पुत्र आर्यन खान  और चनकी पांडे की सुपुत्री, अनन्या पांडे के बीच व्हाट्सऐप चैट को आधार बनाते हुए एनसीबी एक्ट्रेस से पूछताछ कर रही है। गुरुवार को करीब दो घंटे अनन्या से पूछताछ की गई, वहीं उन्हें शुक्रवार को भी एनसीबी ऑफिस बुलाया गया है। एनसीबी सोर्सेज से मिली जानकारी के मुताबिक, चैट में आर्यन ने अनन्या से गांजे की व्यवस्था करने के लिए कहा था। जवाब में अनन्या ने कहा था कि जरूरत पड़ी तो वह इंतजाम कर देंगी। वहीं यह भी खबरें हैं कि आर्यन और अनन्या के बीच ड्रग्स को लेकर लगातार चैट हो रही थी। हालांकि खबर यह भी है कि जब अनन्या से इस चैट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया कि यह सिर्फ मजाक था।


‘अरेंज करने की बात कही’

आर्यन और अनन्या के बीच जो व्हाट्सऐप चैट एनसीबी को मिली है उसके बाद जांच एजेंसी एक्शन में हैं। इंडिया टुडे ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि एनसीबी सूत्रों के हवाले से पता चला है कि आर्यन ने अनन्या से गांजा लाने की बात कही थी, इस पर अनन्या ने कहा था कि वह अरेंज कर देंगी। सूत्र के मुताबिक, अनन्या से पूछताछ के दौरान एनसीबी ने उन्हें आर्यन खान के साथ चैट को दिखाया जहां उन्होंने ड्रग्स के इंतजाम की बात की। अनन्या ने लिखा था- ‘मैं इंतजाम कर दूंगी (I will raise)।‘

अनन्या ने मजाक बताया

रिपोर्ट के मुताबिक, जब एनसीबी ने अनन्या से इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह आर्यन से मजाक कर रही थीं। जांच एजेंसी सोर्स का दावा है कि अनन्या और आर्यन लगातार ड्रग्स के बारे में चैट करते थे। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि चैट में गांजा अरेंज करने की बात जरूर सामने आई है लेकिन इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि वह असल में आर्यन के लिए ड्रग्स अरेंज करने में कामयाब रही थीं या नहीं।

Share.

Comments are closed.