रायपुर। शिक्षक बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य में संचालित 171 स्वामी आत्मानंद सरकारी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के लिए छह हजार 826 पदों का सृजन किया गया है। सत्र 2021-22 से प्रदेश में 119 नवीन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन 119 नवीन विद्यालयों के संचालन के लिए प्रति विद्यालय के मान से 43 पदों की स्वीकृति दी है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस आशय का आदेश जारी कर दिया है। रायपुर में 16 जुलाई को विभिन्न पदों के लिए परीक्षा होगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशानुसार 119 नवीन अंग्रेजी स्कूलों में से प्रत्येक स्कूल के लिए स्वीकृत 43 पदों में से एक पद प्राचार्य, व्याख्यता हिंदी और व्याख्याता अंग्रेजी (अंग्रेजी माध्यम) के दो-दो पद तथा व्याख्याता संस्कृत, व्याख्याता गणित (हिंदी माध्यम), व्याख्याता गणित (अंग्रेजी माध्यम), व्याख्याता भौतिक (अंग्रेजी माध्यम), व्याख्याता जीवविज्ञान (हिंदी माध्यम), व्याख्याता जीवविज्ञान (अंग्रेजी माध्यम), व्याख्याता रासायन (अंग्रेजी माध्यम), व्याख्याता सामाजिक अध्ययन (अंग्रेजी माध्यम), प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक (अंग्रेजी माध्यम), प्रधान पाठक प्राथमिक शाला (अंग्रेजी माध्यम), व्यायाम शिक्षक, ग्रंथपाल, कंप्यूटर शिक्षक, लेखापाल अथवा सहायक ग्रेड-दो, सहायक ग्रेड-तीन और चौकीदार का एक-एक पद स्वीकृत किया गया है।
यह भी पढ़ें :- भारी बारिश के बीच द्वारकाधीश मंदिर पर गिरी आकाशीय बिजली
इसी प्रकार व्याख्याता वाणिज्य (अंग्रेजी माध्यम) और शिक्षक (हिंदी माध्यम) के दो-दो पद तथा शिक्षक (अंग्रेजी माध्यम) चार पद, सहायक शिक्षक (अंग्रेजी माध्यम) पांच पद, सहायक शिक्षण विज्ञान प्रयोगशाला (अंग्रेजी माध्यम) तीन पद, भृत्य के चार पद और अंशकालीन सफाई कर्मचारी के दो पद स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत पद प्रतिनियुक्ति अथवा संविदा नियुक्ति से भरा जा सकता है।
प्रतिनियुक्ति की स्थिति में संबंधित कर्मचारी को वही वेतन और भत्ते प्राप्त होंगे, जो उनके मूल विभाग में उन्हें प्राप्त हो रहे थे और उन पर राज्य सरकार के प्रतिनियुक्ति प्रावधान भी लागू होंगे। संविदा नियुक्ति की अवस्था में निर्धारित एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा। अन्य कोई भत्ते देय नहीं होंगे। संविदा नियुक्ति सामान्य प्रशासन द्वारा अधिसूचित छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के प्रावधान के अनुसार की जाएगी। अंशकालीन सफाई कर्मियों को मानदेय संबंधित जिला कलेक्टर दर अनुसार देय होगी।
रायपुर के नौ अंग्रेजी माध्यम स्कूल के लिए विभिन्न पदों के लिए संविदा भर्ती को आनलाइन आवेदन मंगाए गए थे, प्राप्त आवेदनों का जांच करने के बाद पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट www.deoraipur.com में जारी किया गया है। डीईओ एएन बंजारा ने बताया कि जिन आवेदकों को दावा – आपत्ति करना है वे 15 जुलाई तक वेबसाइट में आनलाइन आवेदन कर सकते है।
निराकरण करने के लिए अभ्यर्थियों deoraipur.com में जाने के बाद “दावा -आपत्ति हेतु अवसर” में जाकर अपना पंजीयन नंबर एवं जन्मतिथि डालकर दावा- आपत्ति प्रस्तुत कर सकते है। दावा – आपत्ति के निराकरण के बाद 19 जुलाई को अंतिम सूची प्रकाशन किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी 21 जुलाई से परीक्षा तिथि तक लिखित परीक्षा के लिए अपना प्रवेश पत्र आनलाइन प्राप्त कर सकते है। लिखित परीक्षा 25 जुलाई से प्रारंभ होगी । लिखित परीक्षा की समय-सारणी पृथक से जारी की जाएगी।

