धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में इस बार रथयात्रा का आयोजन नहीं होगा। ये असर कोरोना का है। भले ही नए संक्रमित मरीज मिलने की तादाद घटी है मगर खत्म नहीं हुई। भीड़ की वजह से संक्रमण को रफ्तार न मिल जाए इस डर से भगवान के रथ के पहिए इस बार थमे रहेंगे। जगन्नाथ पूजा के मौके पर रथयात्रा निकालने की परंपरा देशभर में रही है। मगर ये आयोजन इस बार धमतरी में नहीं होगा। इस कार्यक्रम के लिए कलेक्टर पीएस एल्मा ने मंजूरी नहीं दी है। जिला प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि जिले में धारा 144 लागू है। इस वजह से इस बड़े धार्मिक जुलूस की अनुमति नहीं दी जा रही है।

जगदीश मंदिर ट्रस्ट ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन

धमतरी के जगदीश मंदिर ट्रस्ट ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन, उसके पूर्व होने वाले कार्यक्रम जैसे भगवान का स्नान, काढ़ा वितरण की अनुमति लेने के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी को आवेदन दिया था। इस संबंध में समिति के साथ एक बैठक जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने की है। बैठक में अफसरों ने कहा कि जिले में अभी भी 15-20 कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिल रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में दो-तीन दिनों से कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या दोगुनी हो गई है। कोरोना के नए डेल्टा वैरिएंट संक्रमण की आशंका बनी हुई है। इसके मद्देनजर आगामी 12 जुलाई को रथयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Share.

Comments are closed.