गेहूं खरीदी में रिकार्ड बनाने वाले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब कोविड टीकाकरण का रिकार्ड बनाने के लिए सुर्खियों में हैं। मध्यप्रदेश में एक दिन में हुए रिकॉर्ड वैक्सीनेशन की खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की है। यहां तक कि शिवराज के ताबड़तोड़ टीकाकरण के फार्मूले ने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी हैरान कर दिया। कुछ गैर-भाजपा शासित राज्यों ने भी इस पर शिवराज सरकार से मशविरा करना शुरू कर दिया है। भाजपा शासित राज्य तो पीएम की तारीफ के बाद मध्यप्रदेश से सीख ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम के बाद से ही कई राज्य सरकारों के अधिकारी मध्यप्रदेश सरकार से संपर्क में है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्यों के अधिकारियों द्वारा मध्यप्रदेश के वैक्सीन मॉडल को लेकर जानकारी मांगी गई हैं। इन राज्य सरकारों को पूरे अभियान की बिंदुवार जानकारी भेज दी गई है।
राज्य लगातार ये जानकारी मांग रहे हैं कि अभियान को कैसे इतने बड़े पैमाने पर चलाया गया। इस अभियान को सफलतापूर्वक चलाने के लिए कितने दिनों की तैयारी लगी और कहीं कोई दिक्कत की स्थिति बनी तो इस दौरान उससे कैसे निपटा गया। इनमें कांग्रेस शासित राज्यों के अलावा भाजपा शासित राज्य भी शामिल हैं।