देश-जम्मू एयरफोर्स स्टेशन के टेक्निकल एरिया में हुए ब्लास्ट ने फिर से दहशत का साया कायम कर दिया है। कुछ मिनटों में ही दो भयंकर बलास्ट हुआ।इस धमाके में एयरफोर्स के 2 जवानों को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक पहला ब्लास्ट परिसर की बिल्डिंग की छत पर और दूसरा नीचे हुआ। सूत्रों की माने तो विस्फोट करने के लिए दो ड्रोन का इस्तेमाल हुआ था।धमाके को अंजाम देने वाले हमलावरों का पता नहीं चल पाया है।बता दें घटना शनिवार आधी रात करीब 1.45 बजे की है। जहां यह घटना हुई है, उसी कैंपस में जम्मू का मुख्य एयरपोर्ट भी आता है। वायुसेना, नौसेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया है। भारतीय वायुसेना की एक हाईलेवल टीम इस घटना की जांच करेगी।
रक्षा मंत्री ने ली जानकारी
धमाके की खबर मिलते ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू के वायु सेना स्टेशन पर हुई घटना के संबंध में वाइस एयर चीफ एयर मार्शल एचएस अरोड़ा से बात की। रक्षा मंत्री कार्यालय के मुताबिक, एयर मार्शल विक्रम सिंह स्थिति का जायजा लेने जम्मू पहुंच रहे हैं।
आतंकी हुआ गिरफ्तार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने नरवाल इलाके से एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 5 किलो IED बरामद हुआ है।

