राजनांदगांव: 04 /11/2021 –
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) के खैरागढ़ के विधायक देवव्रत सिंह का निधन हो गया है। गुरुवार की रात 3 बजे के आसपास, देवव्रत सिंह काे दिल का दौरा पड़ा, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक की शिकायत के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। राजनांदगांव के सीएमएचओ मिथलेश चौधरी ने विधायक देवव्रत सिंह के निधन की पुष्टि की।
देवव्रत सिंह खैरागढ़ राज परिवार के सदस्य थे। अचानक हुई इस मृत्यु से पूरा राजपरिवार शोकाकुल है। उनके समर्थकों में निधन की खबर के बाद शोक की लहर है। उनके निजी निवास पर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। समर्थकों का कहना है कि इस बार राज परिवार की दिवाली काली हो गई है।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ की सियासत में कम उम्र में ही पहचान बनाने वाले नेता देवव्रत सिंह खैरागढ़ विधानसभा सीट से चार बार विधायक निर्वाचित हुए वहीं एक बार राजनांदगांव लोकसभा सीट से सांसद भी निर्वाचित हुए। देवव्रत सिंह FCI (भारतीय खाद्य निगम) के अध्यक्ष रहे। सन 2018 के विधानसभा चुनाव से पूर्व वे कांग्रेस का दामन छोड़कर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) पार्टी में शामिल हुए और विधायक भी बने।







