छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। राहत और बचाव के दौरान एक जवान के हाथों में अपनी मां का शव आ गया। शव को देखते हुए फूट-फूटकर रोने लगा।

दरअसल, सोमवार को इलाके में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई। तेलम-टेटम इलाके में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) के जवान गश्त पर निकले थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में पलट गई। चीख पुकार सुनाई देने के बाद सभी जवान घटना स्थल पर पहुंचे। डीआरजी के जवान बचाव करने के लिए तालाब में कूद गए। लोगों को तालाब से निकालते समय ऐसा हुआ कि एक जवान के हाथों में उसकी मां की लाश आ गई, जिसे देखकर वह अचेत हो गया।


मां को देख फूट-फूटकर रोने लगा जवान
युवक का नाम वसू कवासी है। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप का जवान है। उसे यह नहीं पता था कि दुर्घटनावाली ट्रैक्टर ट्रॉली पर उसकी मां भी सवार थी। वसू पानी में दबे लोगों को बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान वसू के हाथ में एक महिला का शव आया, जैसे ही उसकी नजर महिला के चेहरे पर पड़ी वह फूट-फूटकर रोने लगा। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने युवक को किसी तरह संभाला ।
हादसे में 19 लोग हुए घायल, पांच की हालत गंभीर
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जवान वसू कवासी की मां फूके कवासी कटेकल्याण ब्लॉक के टेटम की रहने वाली थीं। वह 25-30 लोगों के साथ आदिवासी दिवस पर कार्यक्रम में हीरानार जा रही थीं। रास्ते में एक गड्ढा था और दूसरी ओर तालाब। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, 19 लोग घायल हो गए, इनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर है। फिलहाल सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।








