नई दिल्ली : अफगानिस्तान में मारे गए फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी के शव को दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. यह जानकारी रविवार को एक बयान जारी कर दी गई.

जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने एक बयान में कहा, ‘‘जामिया मिल्लिया इस्लामिया की कुलपति ने फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी के परिवार की उनके शव को विश्वविद्यालय के कब्रिस्तान में दफनाने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है. यह कब्रिस्तान विशेष तौर पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों, उनके जीवनसाथी और नाबालिग बच्चों के लिए बनाया गया है.’’

आज दिल्ली पहुंचेगा शव

अफगानिस्तान से दानिश सिद्दीकी का शव आज भारत आएगा. बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे तक उनका पार्थिव शरीर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगा. तालिबान ने दानिश के शव को अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति को सौंपा था, जिसके बाद शव को भारत लाया जा रहा है.

दानिश सिद्दीकी ने इस विश्वविद्यालय से मास्टर्स की पढ़ाई की थी और उनके पिता अख्तर सिद्दीकी विश्वविद्यालय में शिक्षा संकाय के डीन थे. सिद्दीकी ने साल 2005-2007 में एजेके मास कम्युनिकेशन सेंटर (एमसीआरसी) से पढ़ाई की थी. जामिया शिक्षक संघ ने दानिश सिद्दीकी के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

सिद्दीकी को साल 2018 में समाचार एजेंसी रॉयटर के लिए काम करने के दौरान पुलित्जर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. इसी हफ्ते शुक्रवार को पाकिस्तान की सीमा से लगते अफगानिस्तान के कस्बे स्पीन बोल्दक में उनकी हत्या कर दी गई थी. हत्या के समय वह अफगान विशेष बल के साथ जुड़े थे. उनकी मौत अफगान सैनिकों और तालिबान आतंकवादियों के बीच भीषण लड़ाई की कवरेज करने के दौरान हुई.

भारत ने की निंदा

भारत ने भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या की निंदा की. यूएनएससी में विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा, “हम भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या की निंदा करते हैं, जब वह कल अफगानिस्तान के कंधार में रिपोर्टिंग असाइनमेंट पर थे. मैं उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”

Share.

Comments are closed.