लौरिया : लौरिया व रामनगर थाना क्षेत्र के देवराज इलाके में 24 घंटे के भीतर आठ लोगों की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी फैल गयी है. बेतिया, गोरखपुर और लखनऊ के निजी अस्पतालों में भी इस इलाके के कुछ बीमार लोगों के भर्ती होने की खबर है.
वहीँ मौत की वजह को लेकर फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं है. न तो गांव के लोग कुछ कह रहे और न प्रशासन की ओर से कुछ कहा जा रहा है. सभी मौतें बुधवार को हुई हैं. जब जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका व्यक्त की जाने लगी तो डीएम कुंदन कुमार ने एसडीपीओ और एसडीएम को जांच करने को कहा. हालांकि, डीडीसी रवींद्र कुमार सिंह ने कहा कि दो मृतकों के परिजनों ने मौत की वजह हर्ट अटैक बताया है.
मिली जानकारी के अनुसार, लौरिया थाने के देउरवा में एक साथ चार ग्रामीणों की मौत की खबर पूरे इलाके में फैली. इसके बाद बगल के गांव जोगिया देवराज (थाना- रामनगर) के भी दो ग्रामीणों की मौत की सूचना आयी. बगही व गौनाहा देवराज के भी एक-एक ग्रामीण की मौत का मामला आया.
मौत की वजह जहरीली शराब का सेवन या कुछ और
मौत की वजह जहरीली शराब का सेवन है या कुछ और, इसे लेकर कोई भी सामने आकर बोलने को तैयार नहीं है. कुछ के घरवालों ने बताया कि उसके परिजन की मौत बीमारी के चलते हुई है. मामले ने तब तूल पकड़ा ,जब एक मृतक के परिजन भरत साह ने बताया कि उनके बहनोई ने शराब पी थी और इसके बाद उन्हें सिर में दर्द हुआ. आंख की रोशनी भी चली गयी.
लौरिया थानाध्यक्ष राजीव रजक ने बताया कि इतनी जानकारी है कि अलग-अलग गांवों में कुछ लोगों की मौत हुई है. लेकिन, किसी के भी घरवालों की तरफ से कोई भी जानकारी नहीं आयी है. अब एक दिन में मौत हुई है या बीते कुछ दिन में इसकी जानकारी पुलिस को नहीं है.
मामला सामने आने पर जांच की जायेगी. लौरिया पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अब्दुल गनी ने बताया कि इस तरह का मामला अस्पताल में नहीं आया है. आशा को भेजकर पता लगाया जायेगा.







