गरियाबंद 15 जुलाई 2021 : भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में प्रदान किये जाने वाले पद्म पुरस्कार अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री हेतु वर्ष 2021-22 के लिये भी पात्र/योग्य व्यक्तियों से निर्धारित प्रारूप में नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है।
पद्म पुरस्कार के लिए नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाईन पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट पद्माअवार्ड्स डाट जीओव्ही डाट इन (www.padmawards.gov.in ) पर स्वीकार की जायेंगी। नामांकन/सिफारिशें में अनुशंसित व्यक्ति की उससे संबंधित क्षेत्र/विषय में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख करते हुए विवरणात्मक रूप में प्रशस्ति पत्र (अधिकतम 800 शब्द) सहित उपर्युक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में उल्लिखित सभी प्रासंगिक जानकारी दी जानी चाहिए। किसी व्यक्ति की ऑनलाईन नामांकन/सिफारिश करते समय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी आवश्यक विवरण ठीक से भरे गए हैं।
वर्ष 2021-22 हेतु पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कार प्रदान करने हेतु निर्धारित पात्रता एवं मापदंड अनुरूप स्पष्ट अनुशंसा सहित योग्य/पात्र व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव 15 सितम्बर 2021 तक संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, रायपुर छत्तीसगढ़ द्वारा आमंत्रित किया गया है। पद्म पुरस्कार अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है।
इस पुरस्कार में उत्कृष्ट कार्य को मान्यता प्रदान की जाती है और इसे सभी क्षेत्रों/विषयों जैसे कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों, नागरिक सेवा, व्यापार और उद्योग आदि में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। कोई भी व्यक्ति, किसी भी जाति, व्यवसाय, हैसियत या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के पात्र है। इन पुरस्कारों से संबंधित विधान और नियमावली वेबसाइट पर उपलब्ध है।







