लाखों केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। ऐसा इसलिए क्योंकि केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आज बड़ा फैसला लिया गया। केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत पर लगी रोक हटा दी गई है। कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इस पर कैबिनेट कमिटी ऑफ इकोनॉमिक अफेयर (CCEA) ने मुहर लगा दी है।
बता दें कि केंद्रीय कर्मचारियों को अभी 17 परसेंट की दर से महंगाई भत्ता मिलता है, लेकिन सितंबर से उन्हें न केवल 3 बकाया DA मिलेंगे बल्कि जून 2021 के लिए 3 परसेंट महंगाई भत्ता भी मिलेगा, हालांकि सरकार ने जून के महंगाई भत्ते का अभी ऐलान नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है इसका ऐलान भी इसी महीने किया जा सकता है।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण सरकार ने डीए फ्रीज कर रखा था। इसके साथ ही पूर्व कर्मचारियों के डीआर की किस्तों का भुगतान भी नहीं हुआ था। वित्त मंत्रालय ने जून 2021 तक 50 लाख से अधिक केंद्र सरकार के कर्मचारियों और 61 लाख पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि पर रोक लगाने पर सहमति व्यक्त की थी।
क्या है महंगाई भत्ता
महंगाई भत्ता वेतन का एक हिस्सा है। यह कर्मचारी के मूल वेतन का एक निश्चित फीसदी होता है। देश में महंगाई के असर को कम करने के लिए सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का भुगतान करती है। इसे समय-समय पर बढ़ाया जाता है। रिटायर कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलता है।महंगाई भत्ता 31 परसेंट होने के बाद ये केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी में भी दिखेगा। DA कर्मचारियों की बेसिक सैलरी पर कैलकुलेट किया जाएगा।
