नई दिल्ली: केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने पर्यटल स्थलों और हिल स्टेशनों वाले 8 राज्यों को कोरोना के मद्देनजर सतर्कता बरतने व कोरोना के प्रसार से बचने के लिए उचित नियमों का पालन करने को कहा है. बता दें कि अजय भल्ला द्वारा उस बैठक की अध्यक्षता की गई जिसमें हिल स्टेशनों और पर्यटन स्थलों पर कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए राज्य सरकारों द्वारा उठाएं जा रहे कदमों की समीक्षा की गई.
कोरोना की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई-अजय भल्ला
अजय भल्ला ने कहा कि अभी कोरोना की दूसरी लहर खत्म नहीं हुई है, इस कारण सावधानी बरतने की जरूरत है. इस बैठक में उन्होंने हिमाचल प्रदेश, गोवा, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में कोरोना की हालिया स्थिति व इसके प्रबंधन और लोगों के टीकाकरण को लेकर चर्चा की गई.
अजय भल्ला ने हिल स्टेशनों व पर्यटन स्थानों पर कोरोना के उचित नियमों के पालन करने व सावधानी बरतने को कहा. उन्होंने कहा कि राज्यों को अपनी ओर से पहल करते हुए लोगों द्वारा मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य कोरोना नियमों का कड़ाई के साथ पालन सुनिश्चित कराना चाहिए.

