कोलकाता। अस्तित्व के संकट से जूझ रही कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है पूर्व राष्ट्रपति और दिवंगत नेता प्रणब मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी ने सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया हैं। अभिजीत मुखर्जी अपने पिता की सीट जंगीपुर से ही दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। हालांकि, आखिरी आम चुनाव में वह यहां से हार गए थे।

बता दें अभिजीत ने कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में टीएमसी की सदस्‍यता ग्रहण की। कुछ दिन पहले अभिजीत ने टीएमसी के कई वरिष्‍ठ नेताओं से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि टीएमसी उनको जंगीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा सकती है। मुखर्जी 2019 में जंगीपुर सीट से लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। वहीं, अभिजीत के टीएमसी में जाने पर उनकी बहन और कांग्रेस नेता शर्मिष्‍ठा मुखर्जी ने न‍िराश जताई है। उन्‍होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर ‘SAD’ लिखा है।

टीएमसी जॉइन करने के बाद अभिजीत मुखर्जी ने मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्‍होंने कहा कि ममता बनर्जी ने जिस तरह हालिया विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सांप्रदायिक लहर को रोका, मुझे विश्वास है कि भविष्य में वह दूसरी पार्टियों के समर्थन से पूरे देश में ऐसा कर पाएंगी।

हालांकि, अभिजीत मुखर्जी राजनीति में बड़ा चेहरा नहीं हैं लेकिन उनका टीएमसी में जाना कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ी किरकिरी हो सकती है। हाल के सालों में कई बड़े चेहरों ने कांग्रेस का हाथ छोड़ा है।

इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, हिमंत बिस्वा सरमा उन बड़े चेहरों में शामिल हैं जिन्होंने कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी जॉइन की है। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी अभी भी कांग्रेस में हैं।

Share.

Comments are closed.