नई दिल्ली/बेंगलुरू : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कई हिस्सों में शुक्रवार (2 जुलाई) दोपहर करीब 12.15 बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। शहर के कई निवासियों ने ट्विटर पर इसका जानकारी शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 12.15 बजे शहर के कॉक्सटाउन, कनकपुरा और उल्सूर समेत कई अन्य इलाकों में एक जोरदार आवाज सुना गया, जिसने पिछले साल के सोनिक बूम की यादें ताजा कर दी।

समाचार एजेंसी की खबर के अनुसार, तेज धमाके की आवाज सुनाई देने के मामले पर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के प्रवक्ता गोपाल सुतार ने कहा कि एचएएल हवाई अड्डे से लड़ाकू विमानों और प्रशिक्षु विमानों की नियमित उड़ानें होती हैं. आज कुछ अलग नहीं था. बेंगलुरु में कथित तौर पर आज सुनाई देने वाली तेज आवाज पर कंपनी किसी प्रकार की टिप्पणी नहीं कर सकती।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने कहा कि उन्होंने एक उछाल और गर्जन की आवाज सुनी, जबकि अन्य ने झटके महसूस किए। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि उनकी खिड़कियां तीन सेकंड तक हिलती नजर आईं, जिसे देखकर वह दहशत में आ गए। आपको बता दें कि पिछले साल भी ऐसी ही तेज गति की रहस्यमयी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन बाद में पता चला था कि वह सुपर सोनिक प्लेन की आवाज थी।

टाइम्स नाउ के मुताबिक, पुलिस के सूत्रों के अनुसार यह आवाज सुखोई 30 विमानों की वजह से हो सकती है। डीएम ने भूकंप की संभावना से इनकार किया है। यह आवाज शहर के कुछ हिस्सों में सुनाई नहीं दे रही थी। अटकलें हैं कि यह एक खदान विस्फोट भी हो सकता है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

Share.

Comments are closed.