श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में गुरुवार देर रात से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। तीन से चार आतंकी अभी भी घिरे हुए हैं। वहीं, एक जवान शहीद हो गया है। दोनों तरफ से गोलीबारी चल रही है।
पुलवामा जिले के राजपोरा के हंजन बाला इलाके में जारी मुठभेड़ में 4 आतंकियों के घिरे होने का अनुमान है. कश्मीर जोन के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एनकाउंटर में क्रॉस फायरिंग के दौरान एक जवान वीरगति को प्राप्त हो गया है. बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के दौरान जवान को गोली लगी थी, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान जवान के शहीद हो गया.
जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गुरुवार देर रात सुरक्षा बलों ने पुलवामा जिले के राजपोरा इलाके के हंजन बाला में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन आरंभ किया. इसके बाद आतंकवादियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया. 3 दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पारिमपोरा इलाके में सुरक्षा बलों के साथ एनकाउंटर में दो आतंकवादी मारे गए थे, जिनमें से एक लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर नदीम अबरार था और दूसरा आतंकी पाकिस्तान का नागरिक था. जम्मू-कश्मीर के IG विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि अबरार सुरक्षा बल के कई जवानों और नागरिकों की हत्या के मामले में वांछित था. उसके साथ मारे गए पाकिस्तानी आतंकी की शिनाख्त नहीं हो पाई है.







