जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के करीब 2 साल बाद आज पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के आठ राजनीतिक दलों के 14 नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। पीएम मोदी के संग कश्मीरी नेताओं की बैठक शुरू हो गई है। हालांकि, सर्वदलीय बैठक के एजेंडा का खुलासा नहीं किया गया। पीएम मोदी के संग सर्वदलीय बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर जम्मू-कश्मीर को लेकर जारी अहम बैठक के बीच ममता बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है। सीएम ममता ने कहा कि कश्मीर की आजादी नहीं छीननी चाहिए। सीएम ममता ने सवाल किया कि दो साल में भाजपा नेता के अलावा कोई भी कश्मीर नहीं जा सका। क्या सिर्फ भाजपा देशभक्त है, बाकी सब आतंकवादी हैं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हो रही सर्वदलीय बैठक में फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, उमर अब्दुल्ला, गुलाम नबी आजाद, रविन्द्र रैना, कवींद्र गुप्ता, निर्मल सिंह, सज्जाद लोन, भीम सिंह समेत अन्य कई नेता शामिल हैं। वहीं इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनएसए अजीत डोभाल, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के अलावा केंद्र के अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं।
जम्मू-कश्मीर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी संग बैठक के लिए पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और कांग्रेसी नेता गुलाम नबी समेत कई बड़े नेता पीएम आवास पहुंच गए हैं। जम्मू-कश्मीर के भविष्य को लेकर होने वाली बैठक की पीएम मोदी अगुवाई कर रहे हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव कराने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।







