छत्तीसगढ़ में 2018 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद 15 साल बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी। लेकिन इस सत्ता के साथ ही एक बात भी सामने आई कि छत्तीसगढ़ में ढाई ढाई साल का मुख्यमंत्री होगा।

समय के साथ इस बात ने और तूल पकड़ लिया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि हर आमओखास व्यक्ति मुख्यमंत्री रिप्लेसमेंट की बात करने लगा। कई तारीख़ें आईं और चली गईं, लेकिन अटकलों का बाजार गर्म ही रहा।
इसी कड़ी में स्वराज मिशन के विश्वसनीय सूत्रों से खबर आ रही है कि कल मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के आला-कमान के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव की मुलाकात छत्तीसगढ़ काँग्रेस के प्रभारी पी.एल. पुनिया की मौजूदगी में हो सकती है।
इस मुलाकात का कारण सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री रिप्लेसमेंट ही होगा। मतलब साफ है कि जल्द ही फैसला हो जाएगा कि ऊंट किस करवट बैठेगा।
सोशल मीडिया में एक पत्र भी वायरल हो रहा है जो कि 23 अगस्त 2021 को मुख्यमंत्री बघेल के दिल्ली प्रवास की खबर की पुष्टि करता है।

हालांकि स्वराज मिशन इस पत्र की पुष्टि नहीं करता लेकिन एक बात तो स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री रिप्लेसमेंट की खबरों पर जल्द ही पूर्ण विराम लगने वाला है।
वैसे समाचार एजेंसी ANI ने भी इस मीटिंग की जानकारी अपने ट्विटर एकाउंट के माध्यम से दी है।








