सुशील सन्नी अग्रवाल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित

रायपुर/30 अक्टूबर 2021:

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला के साथ किए गए अभद्र व्यवहार के कारण प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल को पार्टी संगठन की धारा-6(ग) के अंतर्गत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यता से तत्काल निलंबित कर दिया है।

उपरोक्त जानकारी छत्तीसगढ़ काँग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को दी।

मामला यह है कि आज दोपहर, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मुख्यालय, राजीव भवन में गाड़ी पार्किंग की जगह को लेकर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव व भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला में विवाद की स्थिति बन गई। विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। मामले को बढ़ता देख संगठन के प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने बीच बचाव की कोशिश की। हालांकि जब स्वराज मिशन की टीम ने उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होनें कहा कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं, ये तो कांग्रेसियों का आपसी प्रेम है। वैसे बाद में छत्तीसगढ़ काँग्रेस की प्रेस विज्ञप्ति ने उनकी बातों को नकार दिया।

गौरतलब है कि उस वक्त वहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम भी उपस्थित थे। लेकिन उनके सामने ही गंदी गंदी गालियाँ दी गईं। वहां मौजूद मीडिया के कैमरों ने उस समय चल रही उस घटना को कैद कर लिया। अभी कल ही NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर दो गुटों के बीच राजीव भवन में हंगामा और जूतमपैजार हुआ था और आज गाली-गलौज व धक्का-मुक्की। कुछ दिनों पहले ही एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ काँग्रेस के एक गुट ने दूसरे गुट के लोगों को छत्तीसगढ़ काँग्रेस के प्रदेश उप प्रभारी सचिव की मौजूदगी में पीटा था।

एनएसयूआई से लेकर मुख्य कांग्रेस में गुटबाजी के कारण प्रायः ऐसे विवाद की खबरें आती रहती हैं जोकि कांग्रेस आलाकमान के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
Share.

Comments are closed.