छत्तीसगढ़ में जहां एक ओर कांग्रेस पार्टी आपसी घमासान में व्यस्त है वहीं दूसरी ओर भाजपा धर्मपरिवर्तन के मुद्दे पर आक्रामक रणनीति बनाने में व्यस्त है। लेकिन एक राजनेता है जो 2023 के विधानसभा चुनाव को लेकर काम करता दिखाई देता है, वो है भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ नंद कुमार साय।

इधर रायपुर में भाजपा बैठक करती रही, उधर दिल्ली में नंद कुमार साय ने अपना दांव खेला है और कांग्रेस पार्टी में सेंध लगा दी है। डॉ नंद कुमार साय ने आरंग क्षेत्र के कांग्रेस के 12 बड़े चेहरों को छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी, डी पुरंदेश्वरी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल कराया है। कुछ दिन पहले से ही जानकारी आ रही थी कि आरंग क्षेत्र के कांग्रेस के बड़े नेता बेदराम मनहरे एवं उनके करीबी नेता भाजपा में प्रवेश करने वाले हैं।

आज सुबह-सुबह दिल्ली में भारी बारिश एवं गर्जना के बीच छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी की प्रभारी डी पुरंदेश्वरी जी ने अपने आवास पर बुलाकर कांग्रेस के बड़े नेता बेदराम मनहरे एवं उनकी पूरी टीम को भाजपा के कद्दावर नेता नंदकुमार साय की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कराते हुए बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।https://youtube.com/shorts/-3vDso03I8o?feature=share

इस मौके पर डी पुरंदेश्वरी द्वारा सभी का पुष्प गुच्छ द्वारा स्वागत किया गया तथा मन लगाकर काम करने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार दिखावे के लिए महिलाओं का सम्मान करने का दिखावा करती है, परंतु वहां से महिलाओं के उत्पीड़न एवं शोषण की ढेर सारी शिकायतें मिल रही हैं।

सबसे बुरी स्थिति तो खुद पुलिस विभाग की है जहां विभाग के बड़े अधिकारी मुख्यमंत्री के सामने ही टेबल पर नक्सली क्षेत्रों में विकास की समीक्षा बैठक के दौरान लड़ाई कर लेते हैं। इससे पता चलता है कि खुद मुख्यमंत्री अपने बड़े अधिकारियों पर कितना नियंत्रण रखते हैं।
बड़े पुलिस अधिकारी अपनी ही जूनियर महिला कर्मचारियों के शोषण में लिप्त है और ऐसे लोग उनके शासन ने सिर आंखों पर बिठाए जाते हैं, यही कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा है।







