24 अगस्त 2021, महाराष्ट्र –
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कहा कि नारायण राणे को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया जारी है।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल में हाल ही में शामिल हुए राणे ने दावा किया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में उद्धव ठाकरे यह भूल गए कि देश की आज़दी को कितने साल हुए हैं।
थप्पड़ वाला बयान
नारायण राणे ने रायगढ़ जिले में सोमवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कहा कि, यह शर्मनाक है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को यह नहीं पता कि देश की आजादी को कितने साल हो गए हैं। भाषण के दौरान वह पीछे मुड़ कर इस बारे में पूछते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।
इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। नासिक के पुलिस आयुक्त दीपक पांडे ने आपत्तिजनक बयान देने के मामले में मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश जारी किए और पुलिस के एक दल को कोंकण शहर के चिपलुन रवाना कर दिया गया।
बीजेपी शिवसेना कार्यकर्ताओं में झड़प
आज नारायण राणे के आवास के पास शिवसेना की युवा शाखा और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
शिवसेना कार्यकर्ता सांताक्रूज (पश्चिम) में जुहू तारा रोड स्थित राणे के आवास के पास बैठ गए, जहां बीजेपी कार्यकर्ता भी अपने नेता का समर्थन करने के लिए मौजूद थे। दोनों ओर से एक-दूसरे के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की गई। घटना के बाद वहां सड़क पर दोनों ओर जाम लग गया और इलाके में यातायात प्रभावित हो गया।
अधिकारी ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, शिवसेना और बीजेपी समर्थकों के बीच महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के चिपलुन में भी झड़प हुई है। अधिकारियों ने बताया कि नासिक बीजेपी के कार्यालय पर पथराव के अलावा, शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने नागपुर में भी प्रदर्शन किया।







