दिनांक : 06/12/2021 – रायपुर, छत्तीसगढ़

प्रकाशपुंज पाण्डेय की रिपोर्ट –

छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरा कर चुका है। इन 21 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने कई उतार चढ़ाव देखे हैं। छत्तीसगढ़ ने अब तक तीन मुख्यमंत्री देखे हैं और तीनों मुख्यमंत्रियों की अलग अलग कार्यप्रणाली भी।

छत्तीसगढ़ में अब तक के मुख्यमंत्री –

छत्तीसगढ़ की स्थापना के बाद सन 2000 में कांग्रेस पार्टी की ओर से स्वर्गीय अजीत जोगी प्रथम मुख्यमंत्री बने, लेकिन तीन साल के बाद ही भाजपा की जीत के बाद डॉ रमन सिंह मुख्यमंत्री बने और लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहे, सन 2003 से सन 2008, सन 2008 से सन 2013 और सन 2013 से सन 2018 तक। सन 2018 में कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और मुख्यमंत्री का ताज छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष भूपेश बघेल के सिर पर सजाया गया। हालांकि उस समय भूपेश बघेल के साथ ही तीन दावेदार और भी थे, छत्तीसगढ़ के वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव, वर्तमान गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत।

क्या है छत्तीसगढ़ वासियों की राय?

स्वराज मिशन की टीम ने प्रदेश के कई जिलों में लोगों से बातचीत की और सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और छत्तीसगढ़ में अब तक की तीनों सरकारों पर जनता की राय ली। कुछ लोगों ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी के कार्यकाल की सराहना की, कुछ ने डॉ रमन सिंह के कार्यकाल की तारीफ़ की तो कुछ वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यों के समर्थन करते नजर आए।

परंतु जनता के एक बड़े हिस्से की राय कुछ अलग ही है!

अधिकांश लोगों की राय है कि अब छत्तीसगढ़ में अब एक नए राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता है। इस अध्ययन में पता चला कि लोग अब ऐसे लोगों को चुनना चाहते हैं जो नए चेहरे हों और जो गैरराजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हों। लोगों ने कहा कि कोरोना काल के समय जिन समाजसेवियों, पत्रकारों और अन्य लोगों ने निःस्वार्थ लोगों की मदद की ऐसे लोगों को अब एक नए राजनीतिक विकल्प के साथ जनसेवा के लिए आगे आना चाहिए। 

अब आने वाले समय में ये देखने योग्य होगा कि क्या छत्तीसगढ़ में लोगों की भावनाओं के अनुसार कोई नया राजनीतिक विकल्प तैयार होगा या नहीं। लेकिन एक बात तो तय है कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में चुनाव अत्यंत रोचक होंगे। 

Share.

Comments are closed.