भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा है।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के बाद कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस आरोप लगा रही है कि इस हत्या के पीछे एक सुनियोजित षडयंत्र था। मामले को लेकर राहुल गांधी व प्रियंका गांधी लखीमपुर का दौरा भी कर चुके हैं। अब कांग्रेस पार्टी ने भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने का समय मांगा है। कांग्रेस नेतृत्व राष्ट्रपति से मिलकर लखीमपुर खीरी कांड से जुड़े तथ्यों को उनके सामने रखना चाहता है। इसको लेकर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रपति को पत्र लिखा है।
राहुल गांधी के नेतृत्व में मिलेगा सात सदस्यीय दल
कांग्रेस का सात सदस्यीय दल राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेगा और लखीमपुर खीरी से जुड़े तथ्य उनके सामने रखेगा। इस दल में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, ए. के. एंटोनी, मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, के.सी. वेणुगोपाल व अधीर रंजन चौधरी शामिल रहेंगे।
आशीष मिश्रा हो चुका है गिरफ्तार
लखीमपुर कांड के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को पुलिस ने आखिरकार शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। दो बार नोटिस भेजे जाने के बाद वह शनिवार को क्राइम ब्रांच के सामने पेश हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस के आला अधिकारी आशीष मिश्रा की दलीलों से संतुष्ट नहीं दिखे और वह यह साबित नहीं कर पाए कि घटना के वक्त आखिर वह कहां पर थे।
